बहादुरगंज, गाजीपुर। रसूलपुर गांव में आयोजित बाल कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक खिताबी मुकाबले में आबान एकेडमी रसूलपुर ने बेलवा रसूलपुर को 13 के मुकाबले 7 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम प्रधान जवाहरलाल राम ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला आबान एकेडमी रसूलपुर और एम. गुड्डू एकेडमी रसूलपुर के बीच खेला गया, जिसमें आबान एकेडमी ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में बेलवा रसूलपुर और बहादुरगंज की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इसमें बेलवा रसूलपुर ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में आबान एकेडमी रसूलपुर ने रामगढ़ की टीम को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में आबान एकेडमी रसूलपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, फुर्ती और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए बेलवा रसूलपुर को 13-7 से हराया और प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता आबान एकेडमी रसूलपुर को छह हजार रुपये, उपविजेता बेलवा रसूलपुर को चार हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रही रामगढ़ की टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में कमेंट्री की जिम्मेदारी आमिर सुहैल और मुजीबुर्रहमान ने निभाई, जबकि रेफरी के रूप में आमिर और दिलशाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान वसीम अब्बासी, ग्राम प्रधान जवाहरलाल राम, शब्बू शेख, बेलाल, अदनान, वीरेंद्र राव गुड्डू, जोगिंद्र राम प्रधान, विनय यादव, वीरू चौहान, मनोज कुमार एडवोकेट, संजय तिवारी और अजय राय सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों और खिलाड़ियों की सराहना की गई।
