अभिभावक एकता जिंदाबाद, स्कूल से सटे पेट्रोल पंप बंद करो के नारों से गूंजा कलेक्ट्रेट परिसर


मऊ। “अभिभावक एकता जिंदाबाद”, “स्कूल से सटे पेट्रोल पंप बंद करो”, “प्रशासन होश में आओ”, “बच्चों की हत्या बंद करो” आदि नारों के साथ अभिभावक मंच के सदस्यों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू को सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि भलुईडीह अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल की बाउंड्री चंद्रा फिलिंग स्टेशन से तथा चलिसवा, मोहम्मदाबाद गोहना स्थित अमृत मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल की बाउंड्री अमृत फिलिंग स्टेशन से सटी हुई है। स्थिति ऐसी है कि यह पहचानना कठिन है कि स्कूल परिसर में पेट्रोल पंप स्थापित है अथवा पेट्रोल पंप परिसर में विद्यालय संचालित हो रहा है।

अभिभावक मंच ने आरोप लगाया कि उक्त दोनों मामलों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के कुंभकोणम अग्निकांड प्रकरण में दिए गए निर्देशों, अविनाश मेहरोत्रा बनाम भारत संघ मामले में पारित निर्णय, पेट्रोलियम नीति-2002 तथा नेशनल बिल्डिंग कोड-2005 एवं 2016 के सुरक्षा प्रावधानों का खुला उल्लंघन किया गया है। इससे हजारों स्कूली बच्चों का जीवन निरंतर खतरे में बना हुआ है।

मंच के पदाधिकारियों ने मांग की कि शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर दोनों स्थलों की विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

अभिभावक मंच ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर व्यापक धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में उदय प्रताप राय, वसीम अख्तर, हरिनारायण यादव, राज सिंह यादव, प्रिंस यादव, संदीप अग्रवाल, योगेंद्र कुमार, अतुल कुमार सिंह, विपिन कुमार सिंह, रितेश सिंह, विनय कुमार राजभर, चंद्रशेखर राजभर, इकबाल अहमद, संतोष यादव, अरविंद मूर्ति सहित अनेक अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Edited by Umashankar

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें