धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दक्षिणटोला की साइबर पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते से निकाली गई 90 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में साइबर फ्रॉड की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में दक्षिणटोला साइबर पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम वापस कराने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, थाना दक्षिणटोला क्षेत्र के ग्राम रैनी निवासी होमगार्ड गुलाब गुप्ता पुत्र मंगरू गुप्ता के खाते से यूपीआई के माध्यम से अवैध एपीके फाइल भेजकर साइबर धोखाधड़ी की गई थी। इस घटना में उनके खाते से कुल 90 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली गई थी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 31 अक्टूबर 2026 को पूरी धनराशि वापस करा दी।
इस सफलता के बाद पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात स्रोत से प्राप्त एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें। केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर आने वाली फर्जी कॉल से सतर्क रहें। किसी के साथ भी अपना ओटीपी साझा न करें।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
