धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से जुड़े, एडीजी और डीआईजी समेत पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को किया संबोधित
मऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रहरियों के मासिक मानदेय में वृद्धि किए जाने के क्रम में मंगलवार, 13 अक्टूबर को पुलिस लाइन मऊ में ग्राम प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, वाराणसी नवीन अरोड़ा, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा सहित जनपद के ग्राम प्रहरी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी नवीन अरोड़ा ने ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल संबंधित थानों तक पहुंचाने तथा पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
₹2,500 से बढ़कर ₹3,500 हुआ मासिक मानदेय
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय ₹2,500 से बढ़ाकर ₹3,500 करने का निर्णय लिया है। इस प्रकार उनके मानदेय में प्रतिमाह ₹1,000 की वृद्धि की गई है। इस निर्णय को ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका और योगदान से जोड़कर देखा जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण स्तर पर पुलिस और आमजन के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करते हैं। गांवों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उनके सहयोग से अपराधों की रोकथाम, शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों के योगदान को सम्मान देना, उनका मनोबल बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना रहा। मऊ पुलिस ने ग्राम प्रहरियों के सहयोग से जनपद में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
