धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के चकमेहंदी गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पुष्पा देवी पत्नी रामकृत चौहान का आरोप है कि बीते 31 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोर घर में रखे सोने-चांदी के कई आभूषण और चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद उन्हें थाने जाने की सलाह दी गई। पीड़िता के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को सरायलखंसी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 379/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
हालांकि, पीड़िता का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे परेशान होकर उन्होंने 17 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक मऊ को प्रार्थना पत्र सौंपकर चोरी की घटना का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब पीड़िता को पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद है। देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंच पाती है।
