कस्तूरबा विद्यालय गंगोली में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं को किया गया जागरूक


गंगोली, गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गंगोली में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने छात्राओं को बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।वहीं पर थाना प्रभारी कासिमाबाद राजेश त्रिपाठी ने कार्यक्रम में छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जबकि महिला थाना प्रभारी हेमलता पटेल ने छात्राओं से कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर डरने या चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और किसी भी अप्रिय परिस्थिति में समझदारी से काम लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए **112**, महिला हेल्पलाइन के लिए **1090**, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए **1076** तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए **1930** पर संपर्क किया जा सकता है। छात्राओं को इन नंबरों का सही उपयोग करने के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सजग नागरिक बनने का संदेश दिया गया। साथ ही उन्हें अपने आसपास की महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करना रहा। इस अवसर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि, थाना प्रभारी कासिमाबाद राजेश त्रिपाठी महिला थाना प्रभारी कासिमाबाद हेमलता पटेल, महिला कांस्टेबल सुदामी देवी, प्रियंका , पूर्णिमा सिंह,नम्रता के अलावा बड़ी संख्या में छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें