धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
कोपागंज (मऊ)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज परिसर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के टीकाकरण कक्ष का बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय ने उद्घाटन किया। नए टीकाकरण कक्ष के शुरू होने से क्षेत्र के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच की बेहतर और व्यवस्थित सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन के अवसर पर सीएमओ डॉ. पंकज कुमार राय ने कहा कि छोटे बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है। इसी तरह गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक टीकाकरण मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान की आवश्यकता होती है। नवनिर्मित कक्ष के संचालन से लाभार्थियों को सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीकाकरण और संबंधित सेवाएं संचालित करने में सहूलियत होगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण समय से कराएं और विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं। गर्भवती महिलाएं भी नियमित जांच कराते हुए चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं।
इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय कुमार गुप्ता, अधीक्षक डॉ. इरशाद अहमद, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, एआरओ, फार्मासिस्ट सुनील चौधरी, बीपीएम मिथिलेश सिंह, बीसीपीएम नीलम चौहान समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नए टीकाकरण कक्ष के उद्घाटन से स्थानीय लोगों में उम्मीद है कि क्षेत्र में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुगम और प्रभावी होंगी।
