दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश का पर्दाफाश, पुलिसकर्मी समेत चार गिरफ्तार


Dharmendra Bhardwaj / Mau

 

मऊ। कोतवाली नगर पुलिस ने दुष्कर्म का कथित झूठा मुकदमा दर्ज कराकर एक परिवार को दबाव में लेने और पुराने मुकदमे की सुनवाई प्रभावित करने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पुलिस विभाग के एक आरक्षी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, साजिश का मुख्य उद्देश्य एक पुराने दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में चल रही न्यायिक कार्यवाही को प्रभावित करना था।

पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सोनीधापा मैदान के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस लाइन मऊ में तैनात आरक्षी विशाल भारती, सकीना खातून, निसार उर्फ नेसार अहमद और जोया उर्फ गुल निहार के रूप में हुई है।

नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म का दर्ज कराया था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को सकीना खातून ने मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के कोइरियापार निवासी इमरान अहमद के खिलाफ नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में कथित तौर पर सामने आया कि मुकदमा दर्ज कराने के पीछे एक सुनियोजित आपराधिक साजिश थी।

पुराने मुकदमे से जुड़ा मिला साजिश का तार

पुलिस के मुताबिक, आरक्षी विशाल भारती के खिलाफ वर्ष 2023 में इमरान अहमद की बेटी फिजा खातून की शिकायत पर दुष्कर्म, धमकी, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि विशाल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके अंतरंग वीडियो वायरल कर दिए।

इस मामले में विशाल भारती करीब सात महीने जेल में भी रह चुका है। फिलहाल मामले की सुनवाई मऊ की सेशन कोर्ट में चल रही है।

सुनवाई प्रभावित करने और परिवार पर दबाव बनाने का आरोप

पुलिस का दावा है कि पुराने मुकदमे में सजा की आशंका के चलते विशाल भारती ने सकीना खातून, निसार अहमद और जोया उर्फ गुल निहार के साथ मिलकर कथित साजिश रची। इसके तहत इमरान अहमद के खिलाफ दूसरी महिला के माध्यम से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया, ताकि पुराने मामले की सुनवाई प्रभावित हो और पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया जा सके।

फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें