मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मऊ पुलिस का जागरूकता अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के उपाय


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंच रहीं पुलिस टीमें, पंपलेट बांटकर हेल्पलाइन नंबरों और महिला अधिकारों की दी जानकारी

मऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मऊ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। इस दौरान पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, लैंगिक अपराधों से बचाव और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के तरीके बताए।

इसके साथ ही छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना डरे पुलिस से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं तथा मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सहायता, परामर्श और मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई।

मऊ पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान एवं सुरक्षा का वातावरण मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

नारी शक्ति का करें सम्मान, तभी बनेगा देश महान।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें