धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती गीता बिंद ने मंगलवार को जनपद में महिला जनसुनवाई, कन्या जन्मोत्सव, जन चौपाल और वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित समस्याएं सुनीं और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में आयोजित महिला जनसुनवाई में कुल 10 प्रकरण सामने आए। सदस्या ने संबंधित थानाध्यक्षों को मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला महिला चिकित्सालय में महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में 24 नवजात बालिकाओं को वस्त्र वितरित किए गए। श्रीमती गीता बिंद ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके जन्म, शिक्षा तथा सुरक्षित भविष्य को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए। सदस्या ने लाभार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान का सदुपयोग कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विकास खंड परदहा सभागार में आयोजित जन चौपाल में भी उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रमों के क्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्या ने वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता, काउंसलिंग, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को त्वरित सहायता और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
श्रीमती गीता बिंद ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने को कहा।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की टीम और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
