जिलाधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय का किया औचक निरीक्षण


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

पाठकों और विद्यार्थियों के लिए बेहतर, सुव्यवस्थित एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने शुक्रवार को जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं पाठकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकों के आगत-निर्गत व्यवस्था से जुड़े रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों का नियमित और सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध फर्नीचर, कुर्सियों एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता और उपयोगिता की भी समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में संचालित कोहा (KOHA) सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली के संबंध में कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सॉफ्टवेयर के माध्यम से पुस्तकों के डिजिटलीकरण, सूचीकरण और निर्गमन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।

अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध वातावरण का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुस्तकालय भवन में शीघ्र एयर कंडीशनर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आने वाले विद्यार्थियों व पाठकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुस्तकालय में स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं पाठक हितैषी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें