धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष के कथित रूप से कार्यक्रम स्थल से चले जाने के मामले को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, मऊ ने सोमवार को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैलाशपुरी मंदिर से मऊ शहर कोतवाली तक पहुंचकर मामले में FIR दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर दी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्नाव से सामने आए कथित घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को जनता के सामने लाया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के सम्मान और राष्ट्रीय एकता से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उन्नाव के कथित वीडियो को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।
राजमंगल यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र के सम्मान के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मऊ में आयोजित कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ तथा कांग्रेसजन किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्य के पक्ष में नहीं हैं।
प्रदर्शन के दौरान अमरेशचंद्र पांडेय, सुहैल नोमानी, उदय प्रताप राय, विष्णु कुशवाहा, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, रवि खण्डेलवाल, शिवाजी कन्नौजिया, रमन पाण्डे, रफी अतरहर, रत्नेश राय, आफताब सिद्दीकी, फहद कादिर, संजय चौहान, अप्सार अहमद, मसूद अख्तर और गुलशन कुमार सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
