सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के रायसेनपुर गांव में रविवार शाम शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 42 वर्षीय चंदन सिंह उर्फ तूफानी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के भाई ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मृतक के भाई पंकज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की शाम उसका भाई चंदन सिंह उर्फ तूफानी गांव के ही कुछ लोगों के साथ शायर चट्टी स्थित शराब की दुकान पर गया था। वहां से शराब खरीदने के बाद सभी लोग महादेव घाट शायर की तरफ चले गए। आरोप है कि वहां शराब पीने के दौरान आपस में विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट की आवाज सुनकर परिजन व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो चंदन सिंह लहूलुहान अवस्था में घायल पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए दिलदारनगर स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने गांव के ही चार लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।bइस संबंध में गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शराब पीने के विवाद में मारपीट, युवक की मौत; चार नामजद चार संदिग्ध हिरासत में, गांव में तनाव का माहौल
