धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
फूलपुर (मऊ)। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को विकास खंड फतेहपुर मण्डाव के ग्राम पंचायत फूलपुर में निर्माणाधीन उत्सव भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन के प्रवेश द्वार, पोर्टिको और रैम्प का निर्माण निर्धारित डिजाइन के अनुरूप नहीं मिला। शौचालय में वॉशबेसिन प्लेटफॉर्म की ऊंचाई भी मानक से अधिक पाई गई। सीडीओ ने तकनीकी अधिकारियों को निर्माण कार्य तत्काल निर्धारित डिजाइन और मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने गठित समिति और पंचायत विभाग के तकनीकी अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन भवन की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि उत्सव भवन का निर्माण स्टैब स्तर तक पहुंच चुका है और बाउंड्रीवाल का कार्य पूरा हो गया है। हालांकि प्लास्टर, टाइल्स, विद्युत वायरिंग, शौचालय और किचन सहित कई कार्य अभी अधूरे हैं।
पोर्टिको और प्रवेश द्वार के निर्माण में निर्धारित डिजाइन का पालन नहीं मिलने पर सीडीओ ने मौके पर मौजूद पंचायत विभाग के तकनीकी सलाहकार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने पोर्टिको, प्रवेश द्वार और रैम्प को तकनीकी विशिष्टियों के अनुसार दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय में वॉशबेसिन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई भी निर्धारित मानक के अनुसार कराने को कहा।
सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की अनियमितता या मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित डिजाइन और तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित तकनीकी सलाहकार और ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
