धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
मऊ। जनपद मऊ के तहसील मधुबन क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में करीब 50 वर्षों से आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पुराने रास्ते को कथित रूप से बंद किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव निवासी रविन्द्र नाथ पुत्र स्वर्गीय ललता प्रसाद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर रास्ता खुलवाने और आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त रास्ता पिछले लगभग 50 वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख मार्ग रहा है। आरोप है कि गांव के संजय तिवारी तथा निलेश तिवारी ने दबंगई और बाउंड्री वॉल खड़ी कर रास्ते को बंद कर दिया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त रास्ते पर कई बार ग्राम पंचायत के सरकारी धन से कार्य कराया गया है। इसके बावजूद रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस मामले में पहले भी कई बार प्रार्थना-पत्र दिए गए, लेकिन राजनीतिक दबाव और प्रभाव के चलते शिकायतों का उचित निस्तारण नहीं हो सका। पीड़ित ने उच्च न्यायालयों के निर्णयों एवं सुगम आवागमन के अधिकारों का हवाला देते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।
जिलाधिकारी से प्रमुख मांगें:
– करीब 50 वर्षों से प्रचलित पुराने रास्ते की जांच कराई जाए।
– रास्ते पर किए गए कथित अवैध अवरोध को हटवाया जाए।
– सार्वजनिक रास्ते को तत्काल आवागमन के लिए खुलवाया जाए।
– दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी इस शिकायत पर क्या संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को पुराने रास्ते पर आवागमन की सुविधा कब तक मिल पाती है।
