धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
मऊ। रेकवाड़ीडीह गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर एक ग्रामीण ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। ग्रामीण का आरोप है कि किसानों के चक सहायक चकबंदी अधिकारी द्वारा चक तैयार किए जाने के बावजूद कुछ भू-माफियाओं के प्रभाव में आकर **आकार पत्र-23 नहीं बांटे जा रहे हैं।
गांव निवासी प्रह्लाद राम ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 11 सितंबर को एसओसी कार्यालय के कक्ष संख्या-057 में सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मौजूद रहे और आकार पत्र-23 काटे जाने का अनुरोध किया। आरोप है कि संबंधित अधिकारी ने उनसे नाम पूछा और नाम बताने के बाद कहा कि गांव के गरीब लोग लंबे समय से चकबंदी का इंतजार कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बातचीत के दौरान अधिकारी नाराज हो गए और कथित तौर पर उनके साथ जातिसूचक टिप्पणी करते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा। प्रह्लाद राम ने इस व्यवहार को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में ग्रामीण ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने तथा आकार पत्र-23 बंटवाने की अनुमति प्रदान करने** की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब शिकायत के आधार पर प्रशासन की ओर से जांच और कार्रवाई का इंतजार है।
