धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
छात्राओं से संवाद कर परखी पढ़ाई, भोजन और छात्रावास की व्यवस्थाएं
रानीपुर। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रानीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता, कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई से संबंधित सवाल किए। अधिकांश छात्राओं ने प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने किचन और स्टॉक रूम का निरीक्षण किया। खाद्य सामग्री का स्टॉक रजिस्टर से मिलान कराने के साथ ही उसकी गुणवत्ता की जांच की। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर इसे लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने छात्रावास के डॉरमेट्री का निरीक्षण कर बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कंप्यूटर कक्ष में सभी कंप्यूटर क्रियाशील मिले और छात्राएं कंप्यूटर पर कार्य करती हुई मिलीं। उन्होंने कंप्यूटर शिक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। पुस्तकालय में छात्राओं की जरूरत के अनुसार उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यालय परिसर में टॉयलेट ब्लॉक और अतिरिक्त डॉरमेट्री के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ द्वारा कराए जा रहे निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त डॉरमेट्री में बाथरूम और टॉयलेट अलग स्थान पर प्रस्तावित होने पर उन्होंने नक्शे का पुनः परीक्षण कर यथासंभव डॉरमेट्री परिसर के अंदर ही इसकी व्यवस्था कराने को कहा।
विद्यालय के पीछे स्थित जर्जर भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर भवन को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी रानीपुर सुनील कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
