मिशन सेफ फ्यूचर-3.0: मऊ में छह दिन होगी स्कूल वाहनों की सघन जांच


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर, स्कूल बसों में महिला परिचारक की मौजूदगी अनिवार्य

मऊ। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिले में ‘मिशन सेफ फ्यूचर-3.0’ अभियान चलाया जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 14 से 19 सितंबर 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान के दौरान स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी।

एआरटीओ मऊ सुहैल अहमद ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों के स्वामित्व वाले तथा अनुबंध पर संचालित स्कूल वाहनों की जांच की जाएगी। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

अभियान में छात्राओं की सुरक्षित यात्रा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिन स्कूल वाहनों में छात्राएं यात्रा करती हैं, उनमें महिला परिचारक (अटेंडेंट) की मौजूदगी अनिवार्य होगी। जांच टीम इस व्यवस्था की भी विशेष रूप से जांच करेगी।

एआरटीओ के अनुसार, जनपद में कुल 1181 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से 30 वाहनों का फिटनेस फेल पाए जाने के बाद उनका पंजीयन निलंबित किया जा चुका है। अभियान के दौरान निलंबित वाहनों के संचालन के साथ ही एनओसी वाले वाहनों की भी जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान को लेकर परिवहन विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जांच के दौरान स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित मानकों का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा।

एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों की अनदेखी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें