सड़क पर बिखरी अवैध गिट्टी से हुआ हादसा, युवा व्यापारी गंभीर घायल, जिम्मेदार कौन


बहादुरगंज (गाजीपुर)। नगर पंचायत बहादुरगंज में सड़क किनारे अवैध रूप से पड़ी गिट्टी अब जानलेवा साबित हो रही है। बस स्टैंड से दक्षिण केएम इंटर कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर पिछले करीब दस दिनों से गिट्टी पड़ी हुई है। धीरे-धीरे यह गिट्टी बिखरकर पूरी सड़क पर फैल गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वजह से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।

ताजा हादसा 10 नवंबर की शाम करीब छह बजे हुआ। श्याम बस के मालिक और युवा व्यापारी भास्कर बरनवाल अपनी दुकान से लौट रहे थे। केएम इंटर कॉलेज के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक सड़क पर बिखरी गिट्टी पर फिसल गई और वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके पैर में चार टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार चोट गंभीर है और उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घायल व्यापारी के बड़े भाई एवं नगर के प्रमुख व्यापारी प्रभाकर बरनवाल ने पुलिस चौकी बहादुरगंज में लिखित तहरीर देकर मामले की शिकायत की है। उन्होंने अवैध गिट्टी गिराने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और सड़क से तुरंत गिट्टी हटवाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह गिट्टी सड़क पर किसने गिराई? इस मामले में जब जानकारी जुटाई गई तो नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग दोनों ने इससे पल्ला झाड़ लिया। नगर पंचायत के बाबू अमरनाथ और हरि प्रकाश ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत की ओर से वहां कोई गिट्टी नहीं गिराई गई है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अभियंता धीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र प्रताप एवं बलिराम साहनी ने भी कहा कि विभाग द्वारा उक्त स्थान पर गिट्टी नहीं डाली गई है।

ऐसे में यह गिट्टी किसी निजी व्यक्ति द्वारा गिराई गई प्रतीत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दस दिनों से गिट्टी पड़ी है, लेकिन न तो नगर पंचायत ने इसे हटवाया और न ही पीडब्ल्यूडी ने संज्ञान लिया। अब लोग मांग कर रहे हैं कि सड़क से तुरंत गिट्टी हटाई जाए और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें