गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे में दंपती समेत दो मासूम बेटों की मौत, सेवराई के सुरहा गांव में पसरा मातम


सेवराई (गाजीपुर)।‌ स्थानीय तहसील क्षेत्र के सुरहा गांव से जुड़े एक ही परिवार के चार लोगों की सड़क हादसे में मौत के बाद पैतृक गांव में हड़कंप मच गया है। वह सभी कार से छठ पर्व मनाने नोएडा से प्रयागराज जा रहे थे। जहां उनकी एसयूवी कार हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार उछलकर डिवाइडर के ऊपर जा टंगी।

 

आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन थे सौरभ….

इस सड़क हादसे में आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दोनों मासूम बेटों शियोम (7) व व्योम (डेढ़ वर्ष) की मौत हो गई। एक ही परिवार के चार लोगों की असमय मौत की खबर से उनके पैतृक गांव सुरहा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रयागराज में रहता है पूरा परिवार….

सेवराई तहसील के सुरहा गांव निवासी शिव पूजन उपाध्याय, जय नरायण उपाध्याय ने बताया कि हमारे भाई प्रयागराज के नीमसराय मुंडेरा स्थित ईडब्ल्यूएस आवास संख्या 431 निवासी जयगोविंद उपाध्याय एयरफोर्स से एसपीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। वह पूरे परिवार के साथ प्रयागराज में रहते हैं। उनका इकलौता बेटा 40 वर्षीय सौरभ उपाध्याय नोएडा की एक आईटी कंपनी में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत था। बुधवार को सौरभ अपनी पत्नी मेनका और दोनों बच्चों के साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे। बताया गया कि परिवार छठ पर्व मनाने के लिए अपने प्रयागराज स्थित घर पर जा रहा था।

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, तीन की मौके पर मौत….

इसी दौरान संडीला क्षेत्र में अंतवा गांव के सामने तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटकर डिवाइडर के ऊपर जा टंगी। हादसे में सौरभ, उनकी पत्नी मेनका और सात वर्षीय बेटे शियोम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल डेढ़ वर्षीय व्योम को सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

गांव में शोक का माहौल….

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। छठ पर्व की खुशियां मनाने घर लौट रहा परिवार रास्ते में ही काल के गाल में समा गया। पैतृक गांव सुरहा में भी इस हृदयविदारक घटना को लेकर शोक का माहौल है। जिस परिवार के घर पर्व की खुशियां आने वाली थीं, वहां अब मातम छा गया है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें