सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के सेवराई बाजार में गुरुवार की रात गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार में बैठे युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने पूछताछ के दौरान भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी करते हुए आक्रामक व्यवहार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय हमराह कांस्टेबल शिव कुमार एवं अंकित सिंह के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सेवराई बाजार में सड़क किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर BR01HN3318) दिखाई दी। कार की चालक सीट पर एक युवक बैठा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ शुरू की तो वह कार लेकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने डिलीवरी कैश लेकर आने की बात बताई। इस बीच वह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से कहासुनी करते हुए आक्रामक व्यवहार करने लगा। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस उसे थाने ले आई, जहां दोबारा आक्रामक व्यवहार करने पर नियमानुसार कारण बताते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार (24 वर्ष) पुत्र हरेंद्र चौधरी, निवासी ग्राम एकराशी, थाना बगेन गोला, जनपद बक्सर (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालानी रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही है। पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और आक्रामक व्यवहार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय, कांस्टेबल शिव कुमार एवं कांस्टेबल अंकित सिंह शामिल रहे।
