सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गोडसरा स्थित साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष कृष्णदेव सिंह के निधन के बाद रिक्त पड़े अध्यक्ष पद का प्रभार गुरुवार को अब्दुल जब्बार खां को विधिवत सौंप दिया गया। शाखा प्रबंधक बृजेंद्र राय, समिति के सचिव दिनेश्वर सिंह एवं अपर जिला सहकारी अधिकारी विकास राय की उपस्थिति में पदभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रभार मिलने के बाद समिति के उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त प्रभारी अध्यक्ष अब्दुल जब्बार खां को फूल-माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान समिति के संचालन और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को सुचारु रूप से बहाल करने को लेकर चर्चा हुई।
बताया जाता है कि पूर्व अध्यक्ष कृष्णदेव सिंह के निधन के बाद से समिति का अध्यक्ष पद रिक्त होने के कारण सहकारी समिति के कई कार्य प्रभावित हो गए थे। खाद एवं बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था बाधित होने से क्षेत्र के किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों को कृषि कार्य के लिए आवश्यक खाद-बीज की व्यवस्था करने में भी कठिनाई हो रही थी।
अब अध्यक्ष पद का प्रभार सौंपे जाने के बाद क्षेत्रीय किसानों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि समिति का कामकाज सुचारु होगा और उन्हें समय से खाद एवं बीज उपलब्ध हो सकेंगे। किसानों ने उम्मीद जताई कि नए प्रभारी अध्यक्ष के नेतृत्व में समिति की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर किसान नेता भानु प्रताप सिंह, मिनहाज खान, अबरार, मुन्ना सिंह, जियाउद्दीन खां, सादिक खां,सहित समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
