गाजीपुर। राष्ट्रीय बजरंग दल ने पत्रकार अंकित दुबे को जिला मीडिया प्रभारी के पद पर नियुक्त किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष सूर्यभान पाण्डेय एवं जिला महामंत्री रमेश गुप्ता के नेतृत्व में अंकित दुबे को सम्मानित करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई। मूल रूप से गाजीपुर जिले की जखनिया विधानसभा क्षेत्र के निवासी अंकित दुबे पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने विभिन्न संस्थाओं में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई है। अंकित दुबे की प्राथमिकताओं में क्षेत्र में होने वाली घटनाओं और जनसमस्याओं को संकलित कर आम जनता तक पहुंचाना तथा भ्रष्टाचार और व्यवस्था से जुड़ी खामियों को जिम्मेदारी के साथ उजागर करना शामिल है। पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
कम समय में संगठन के जिला मीडिया प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके लिए एक नया दायित्व है। इस नियुक्ति के बाद उनसे संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने की अपेक्षा की जा रही है। उनकी नियुक्ति से समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
