कासिमाबाद (गाजीपुर)। विकासखंड कासिमाबाद के सोनबरसा गांव की निवासी आफिया नेगार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के 30वें दीक्षांत समारोह में उर्दू विषय में पीएचडी की उपाधि मिलने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की।
आफिया नेगार ने वर्ष 2017 में यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. शकील अहमद के निर्देशन में ‘अली अब्बास हुसैनी : हयात और अदबी खिदमत’ विषय पर अपना शोध कार्य प्रारंभ किया। वर्षों की मेहनत और समर्पण के बाद उन्होंने अपना शोध सफलतापूर्वक पूर्ण किया और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
वर्तमान में बिहार में उर्दू विषय की प्रवक्ता के पद पर कार्यरत आफिया नेगार ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पीएचडी की उपाधि उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने बताया कि कभी यह नहीं सोचा था कि वह एक दिन पीएचडी की डिग्री हासिल कर सकेंगी, लेकिन निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने उनके इस सपने को साकार कर दिया।
आफिया ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई जावेद अहमद तथा शोध निर्देशक प्रो. डॉ. शकील अहमद को दिया। उन्होंने कहा कि बड़े भाई ने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया, जबकि शोध निर्देशक के कुशल मार्गदर्शन और सहयोग से उनका शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो सका।
आफिया नेगार की इस उपलब्धि पर सोनबरसा सहित पूरे कासिमाबाद क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली।
