कासिमाबाद, गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को सेंट मेरीज जूनियर हाईस्कूल, परजीपाह में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का स्वागत किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, बालिका सम्मान और सुरक्षा के प्रति छात्राओं को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। महिला सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन, बच्चों की सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अलावा पुलिस आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन सेवा 101, एम्बुलेंस सेवा 102/108 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के उपयोग की जानकारी दी गई। साइबर अपराध से बचाव और ऑनलाइन ठगी की शिकायत के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही थाना कासिमाबाद के सीयूजी नंबर 9454403454 की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना संकोच सहायता मांगने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसआई मोहम्मद अतहर, महिला रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी हेमलता पटेल, महिला कांस्टेबल सरिता, महिला कांस्टेबल रिचा मौर्य और कांस्टेबल शेषनाथ सहित थाना कासिमाबाद की पुलिस टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
