जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका परिषद में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 18वें दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सभासदों ने इस दौरान नगरपालिका परिसर में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। मंत्रोच्चार के बीच हवन कर सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के अहंकार, क्रोध, कथित तानाशाही, जनता के प्रति उदासीनता और सभासदों द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों की अनदेखी जैसे मुद्दों के प्रतीकात्मक विरोध में आहुतियां दीं।
धरने पर बैठे सभासदों ने हाथों में पोस्टर लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तथा आम जनता को राहत नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों को निजी कार्यक्रमों में ले जाने का आरोप…..
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को व्यक्तिगत बैठकों, धरना-प्रदर्शनों और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को इस तरह के आयोजनों में लगाए जाने से नगर पालिका के नियमित कार्य प्रभावित होते हैं और आम नागरिकों को अपने जरूरी कामों के लिए परेशान होना पड़ता है।
गृहकर वसूली और पारदर्शिता पर भी उठाए सवाल…..
धरनारत सभासदों ने नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं किए जाने और बोर्ड की बैठकों में पारित प्रस्तावों को लागू नहीं करने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की तैनाती, कार्यों और जिम्मेदारियों का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए।
सभासदों का आरोप है कि प्रशासनिक निर्देशों और बोर्ड के निर्णयों की अनदेखी से जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन संबंधी निर्देशों के अनुरूप नगर पालिका में कामकाज और जनसमस्याओं के निस्तारण पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन….
सभासदों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि नगरवासियों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा नगरवासियों के हितों के लिए जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
नगर पालिका परिसर में 18 दिनों से जारी इस धरने के बीच बुद्धि-शुद्धि यज्ञ के आयोजन ने आंदोलन को नया रूप दिया है। अब देखना होगा कि पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारी सभासदों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और नगरवासियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कब तक ठोस पहल होती है।
ये सभासद रहे मौजूद….
बुद्धि-शुद्धि यज्ञ एवं धरने के दौरान प्रमोद यादव, सुरेंद्र चौधरी साहू, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, राजा बाबू, आशीम खां, रजनीकांत उपाध्याय, मनीष यादव, शिवबचन सिंह यादव, उमराव यादव, आमिर उर्फ गोलू, अरशद सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।
