सेवराई (गाजीपुर)। तहसील मुख्यालय सेवराई के स्थानीय बाजार में इस बार दुर्गा पूजा की भव्यता देखते ही बन रही है। राज क्लब दुर्गा पूजा समिति और आरएस क्लब ट्रस्ट दुर्गा पूजा समिति सहित कुल तीन स्थानों पर भव्य पंडाल और प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सप्तमी तिथि पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के दर्शन के लिए माता का पट खोल दिया गया है।
सुबह से ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त पहुंचकर देवी की आराधना और पूजा कर रहे हैं। पूजा समितियों द्वारा एक-दूसरे से बेहतर सजावट की प्रतिस्पर्धा के साथ ही पूरे बाजार और सड़क को रंग-बिरंगी झालर लाइटों से सजाया गया है, जो राहगीरों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।
राज क्लब का 80 फीट ऊंचा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र…
राज क्लब दुर्गा पूजा समिति के युवा अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा इस बार करीब 80 फीट ऊंचे भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा मां आदि शक्ति के साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय, माता लक्ष्मी और सरस्वती की मनमोहक मूर्तियां स्थापित की गई हैं। श्रद्धालुओं को नया लुक देने के उद्देश्य से पंडाल को विशेष रूप से सजाया गया है।
आरएस क्लब ट्रस्ट ने दिया अनोखा रूप….
वहीं आरएस क्लब ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने बताया कि आर्टिफिशियल निर्माण के साथ पंडाल को बहुत ही आकर्षक ढंग से बनवाया गया है। इस बार पूर्व से कुछ अलग करने के उद्देश्य से प्रभु श्रीराम की मूर्ति भी बनवाई गई है। इसके साथ ही पंडाल में मां वैष्णो देवी के पिंडी दर्शन के लिए प्रतीकात्मक पिंडी भी बनाई गई है, जहां श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर सकें।
भदौरा बस स्टैंड पर भी भव्य आयोजन…
भदौरा बस स्टैंड पर नवगठित समिति द्वारा भी भव्य दुर्गा पूजा पंडाल और प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। तीनों पूजा पंडाल और माता की प्रतिमाएं क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
