राम-सुग्रीव मित्रता से लंका दहन तक के मंचन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध


सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र की अति प्राचीन सेवराई गढ़ी ग्राम रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में शनिवार की रात राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, अशोक वाटिका प्रसंग और लंका दहन की लीलाओं का जीवंत मंचन किया गया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

रामलीला का शुभारंभ माता सीता की खोज में निकले प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण के ऋष्यमूक पर्वत पहुंचने के प्रसंग से हुआ। दोनों भाइयों को देखकर सुग्रीव ने अपने विश्वासी हनुमान को उनका परिचय जानने के लिए भेजा। हनुमान जी प्रभु श्रीराम को पहचानकर उन्हें सुग्रीव के पास ले गए। यहां श्रीराम और सुग्रीव के बीच मित्रता हुई। श्रीराम ने सुग्रीव को बाली से मुक्ति दिलाने का भरोसा दिया, वहीं सुग्रीव ने माता सीता की खोज में सहयोग करने का वचन दिया। इसके बाद श्रीराम ने बाली का वध कर सुग्रीव को उसका अधिकार दिलाया। सुग्रीव ने वचन के अनुसार वानर सेना को माता सीता की खोज में चारों दिशाओं में रवाना किया।

इसके बाद हनुमान जी समुद्र पार कर लंका पहुंचे, जहां अशोक वाटिका में उनकी माता सीता से भेंट हुई। उन्होंने प्रभु श्रीराम का संदेश देकर माता सीता को आश्वस्त किया। इसके बाद हनुमान जी ने अशोक वाटिका में फल खाए और राक्षसों से युद्ध कर वाटिका में उत्पात मचाया। इसकी सूचना मिलने पर रावण ने अपने पुत्र अक्षय कुमार को भेजा, लेकिन हनुमान जी ने उसका वध कर दिया। इसके बाद रावण के आदेश पर मेघनाद ने ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर हनुमान जी को बंदी बना लिया और रावण की सभा में पेश किया।

रावण ने हनुमान जी को दंड देने का आदेश दिया। विभीषण के समझाने पर उन्हें मृत्युदंड देने के बजाय उनकी पूंछ में आग लगाने का निर्णय लिया गया। पूंछ में आग लगते ही हनुमान जी ने अपनी शक्ति और पराक्रम से पूरी लंका में आग लगा दी। लंका दहन के रोमांचक दृश्य के साथ लीला का समापन हुआ। इस दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारों से पूरा रामलीला परिसर गुंजायमान कर दिया।

इन कलाकारों ने निभाई प्रमुख भूमिकाएं….

राम की भूमिका में अभिषेक उपाध्याय, लक्ष्मण की भूमिका में सूरज सिंह, सीता की भूमिका में लालू यादव तथा हनुमान के रूप में अनिल सिंह ‘ननबुटन’ ने अभिनय किया। वहीं अक्षय कुमार की भूमिका ढुनमुन, रावण की भूमिका उर्मिलेश सिंह ‘टीपू’ और विभीषण की भूमिका चंद्रमणि सिंह ने निभाई। मेघनाद के दमदार अभिनय में साहिल सिंह ‘कल्लू’ ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें