नंदगंज (गाज़ीपुर)। आज मंगलवार, 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ग्राम सभा श्रीगंज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री नन्हकू बिंद ने की।
सभा को संबोधित करते हुए सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव सूरज राम बागी ने बाबा साहब के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और अधिकारों के लिए संघर्ष करो” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे ग्रहण करेगा वही सशक्त होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति यदि संस्कारहीन हो तो वह समाज के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, बंधुत्व और भाईचारे का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान और उसमें निहित गरीबों व वंचितों के अधिकारों पर खतरा बढ़ रहा है, ऐसे में सभी को एकजुट होकर इसकी रक्षा करनी चाहिए।
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक चला, जिसमें कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। संबोधित करने वालों में राधेश्याम बिंद (पूर्व प्रधान), तेजू यादव, मुसाफिर बिंद, लोरीक प्रसाद, छेवर बिंद, सत्यम यादव, राजकुमारी बिंद (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
