बहादुरगंज, गाजीपुर। नगर पंचायत बहादुरगंज के वार्ड नंबर-2 में पुरानीगंज नदी में पिछले करीब तीन महीनों से जमा जलकुंभी और गंदगी लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं सौहार्द साथी जफर अकील ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं प्रशासक नगर पंचायत बहादुरगंज को प्रार्थना पत्र देकर नदी की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पुरानीगंज नदी में लंबे समय से जलकुंभी जमा होने के कारण पानी का बहाव पूरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी में गंदगी और जलकुंभी के बीच कई जानवरों के फंसने और मौत होने की बात भी सामने आई है। सड़न के कारण नहर से तेज दुर्गंध उठ रही है, जिससे आसपास रहने वाले करीब 50 परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नकुल मद्धेशिया का कहना है कि नहर में जमा गंदगी और जलकुंभी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। दुर्गंध और गंदगी का सबसे अधिक असर बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ने की आशंका है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद नदी की समुचित सफाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। जबकि स्थानीय निवासी राधेश्याम राजभर ने बताया कि वह मजदूर है और आसपास रहने वाले लोगों के पास अन्यत्र रहने की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उन्हें इसी वातावरण में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं पर सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक कुशवाहा ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण में जीवन जीने के अधिकार का हवाला देते हुए नगर पंचायत प्रशासन से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की अपील की है।जबकि सभासद नौशाद अयान ने नगर पंचायत बहादुरगंज से नदी की तत्काल सफाई, जलकुंभी हटाने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि दुर्गंध और बीमारी के खतरे से लोगों को राहत मिल सके। इस अवसर पर सौहार्द साथी जफर अकील,सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक कुशवाहा, नकुल मद्धेशिया, सभासद नौशाद अयान, सभासद संतोष जायसवाल, इरशाद अहमद, राधेश्याम राजभर, किशन प्रकाश गुप्ता, संगीता गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, इश्तियाक अहमद, आशीष गुप्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहे।
पुरानीगंज नदी में जलकुंभी से बढ़ी परेशानी,नगर पंचायत से साफ सफाई की मांग
