नंदगंज (गाजीपुर)। बरहपुर ग्राम सभा स्थित प्राचीन ईशानेश्वर महादेव मंदिर (बूढ़े महादेव) में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान ईशानेश्वर महादेव का एक कुंतल (100 किलोग्राम) चीनी से अभिषेक किया गया। विशेष धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
रुद्राभिषेक का आयोजन उपेंद्र नाथ चौबे उर्फ छोटे पंडित, शिंटू कश्यप, जगदीश कुशवाहा एवं दीपक खरवार द्वारा कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान को विधि-विधान से संपन्न कराने में गुरुजी, महेश चौबे एवं कृष्णा मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
आयोजन में क्षेत्र के प्रमुख श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया। इनमें शिवप्रसाद सिंह, केदारनाथ सिंह, गुड्डू सिंह, बुलबुल सिंह, अमित नारायण सिंह एवं उपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान ईशानेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
रुद्राभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालुओं ने भगवान ईशानेश्वर महादेव से क्षेत्र में सुख, शांति, खुशहाली एवं समस्त समाज के कल्याण की प्रार्थना की। भव्य रुद्राभिषेक के बाद मंदिर परिसर में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा।
