05 अगस्त तक आंदोलन की चेतावनी के बीच प्रशासन ने दिया भरोसा, किसानों की धान रोपाई को लेकर जताई चिंता
सेवराई (गाजीपुर)। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पूर्वी उत्तर प्रदेश के पूर्व सचिव एवं कांग्रेस नेता अहमद शमशाद ने उपजिलाधिकारी सेवराई को पत्र देकर चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल जमनियां से निकलने वाली नहर के टेल तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिलदारनगर, उरसिया, करवनिया डेरा होते हुए गोडसरा टेल तक पिछले एक माह से पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि पर धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और किसानों में भारी नाराजगी है।
पत्र में उन्होंने बताया कि इस समस्या से सिंचाई विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका। करीब 15 दिन पहले किसानों ने सूखी नहर में पांच किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकालकर विरोध-प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद टेल तक पानी नहीं पहुंचा।
अहमद शमशाद ने चेतावनी दी थी कि यदि 05 अगस्त 2026 तक टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो किसानों के साथ नहर में उतरकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की होगी।
वहीं, उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह ने कांग्रेस नेता अहमद शमशाद से वार्ता कर आश्वासन दिया कि रविवार तक नहर के टेल तक पानी पहुंचा दिया जाएगा। एसडीएम के विशेष आग्रह पर अहमद शमशाद ने किसानों के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन अपने आश्वासन पर खरा नहीं उतरता है तो किसानों के हित में आगे की रणनीति तय कर आंदोलन किया जाएगा।
