- हलधरपुर के साहुपुर में जिओ टावर पर चढ़ी नाबालिग लड़की,पूलिस के काफी समझाने के बाद टावर से उतरी
• ग्रामीण बोले – क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं
• युवाओं पर पड़ रहा इसका गलत असर
रतनपुरा गांव की रहने वाली है लड़की,पिता की हो चुकी है मौत, मां रहती है मऊ जिला मुख्यालय पर
रतनपुरा,मऊ।जनपद मऊ अंतर्गत हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव की एक नाबालिग लड़की ने थाने से महज एक किमी दूर साहुपुर गांव में स्थित जिओ टावर पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया। सोमवार शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीभगवान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। *महिला उपनिरीक्षक विजय लक्ष्मी, रिया सिन्हा, महिला कांस्टेबल कृतिका द्विवेदी, ममता यादव सहित लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मियों ने काफी समझाने-बुझाने के बाद नाबालिग को टावर से नीचे उतारा और उसे थाने ले जाया गया।
थानाध्यक्ष श्रीभगवान ने बताया कि पूछताछ में लड़की ने कहा कि कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उसकी मां से मतभेद हो गया था। इसी नाराजगी में आकर उसने टावर पर चढ़ने का कदम उठाया। लड़की की मां रोजी-रोटी के लिए जनपद मुख्यालय पर रहती है, उसे सूचना दे दी गई है। काउंसिलिंग के बाद उसे मां के साथ घर भेज दिया जाएगा।अधिकारी के अनुसार लड़की के पिता का निधन कुछ वर्ष पहले हो चुका है। उसका बड़ा भाई बाहर रहता है और एक बहन की शादी हो चुकी है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार नाबालिग का पड़ोस के ही एक नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। कुछ माह पहले दोनों घर से फरार भी हो गए थे, बाद में वापस लौटे। इसके बाद लड़के के परिजनों ने उसे बाहर भेज दिया था।
ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को लड़की ने दोबारा टावर पर चढ़कर सभी को चौंका दिया।इस घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे युवाओं में गलत संदेश जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
