नंदगंज (गाजीपुर)। देवकली ब्लॉक के पियरी गांव में रामलीला मंच से काली मंदिर तक जाने वाली करीब 300 मीटर लंबी सड़क जर्जर होने के कारण बरसात में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क पर पानी भर जाने से ग्रामीणों एवं मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि लोगों को मजबूरी में पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पियरी निवासी राजेश सोनकर ने संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
जर्जर सड़क बनी मुसीबत, बरसात में जलभराव से ग्रामीण और श्रद्धालु परेशान
