सादात (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ससना गांव की मुसहर बस्ती में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब रविवार दोपहर से लापता एक 17 वर्षीय किशोर का शव सोमवार को नहर से बरामद हुआ। मृतक की पहचान सिपू वनवासी के पुत्र 17 वर्षीय सुनील वनवासी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सुनील रविवार दोपहर करीब ढाई बजे देवकली पम्प कैनाल में नहाने के लिए गया था। उसने पानी में छलांग लगाई, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया और फिर ऊपर नहीं आया। जब सुनील काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो उसके पिता सिपू वनवासी उसे ढूंढते हुए नहर किनारे पहुंचे। वहाँ सुनील के कपड़े देखकर उन्होंने उसके नहर में डूबने की आशंका जताई। इसके बाद गांव के पूर्व प्रधान प्रदीप कुमार ने तुरंत नहर के अभियंता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद नहर में पानी की सप्लाई को कम कराया गया। सोमवार को पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से खोजबीन तेज की गई। कड़ी मशक्कत के बाद सुनील का शव परेवा से जखनियां के बीच नहर से बाहर निकाला गया। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। शादियाबाद पुलिस ने परेवा से आगे नहर से बरामद किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
