नंदगंज, गाजीपुर। क्षेत्र की बरहपुर ग्राम सभा के होनहार युवा शिवम चतुर्वेदी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अनुशासित दिनचर्या के बल पर बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी वेट कैटेगरी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर गाजीपुर जनपद और अपने गांव का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा युवाओं में फिटनेस और खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
शिवम चतुर्वेदी पुत्र राजेंद्र चतुर्वेदी जो इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। अपने व्यस्त पेशे के बावजूद वे नियमित रूप से सुबह-शाम व्यायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हैं। पिता से मिली प्रेरणा और स्वयं की लगन के बल पर शिवम ने भी नियमित अभ्यास, संतुलित आहार और कठोर परिश्रम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया, जिसका परिणाम इस उल्लेखनीय सफलता के रूप में सामने आया।
गत 27 जून 2026 को गाजीपुर में आयोजित जिला स्तरीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच शिवम चतुर्वेदी ने अपनी वेट कैटेगरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उनके आकर्षक प्रदर्शन और फिटनेस की निर्णायकों ने भी सराहना की।
शिवम की इस उपलब्धि पर बरहपुर ग्राम सभा सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। क्षेत्र के लोगों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि शिवम ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से जुड़े युवा भी यदि दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास और मेहनत करें तो किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
शिवम चतुर्वेदी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अभ्यास को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गाजीपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करना है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
