भांवरकोल। ग्राम पंचायत लोचाइन में रिक्त ग्राम प्रधान पद के लिए गुरुवार को पंचायत भवन सचिवालय में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला मजिस्ट्रेट गाजीपुर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। बताया गया कि पूर्व ग्राम प्रधान राम गोविंद सुमन के 28 दिसंबर 2025 को निधन के बाद प्रधान पद रिक्त हो गया था। गुरुवार को आयोजित चुनाव में कुल 15 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 13 सदस्य उपस्थित रहे। प्रधान पद के लिए सर्वजीत राम और नीलम राय ने दावेदारी पेश की। मतदान के बाद हुई गणना में सर्वजीत राम को 7 मत प्राप्त हुए, जबकि नीलम राय को 6 मत मिले। एक मत से जीत दर्ज करने के बाद उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, एडीओ पंचायत अजय मिश्रा एवं सचिव शिवजी पटेल की मौजूदगी में सर्वजीत राम को विजयी घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सदस्य सोनू प्रजापति विदेश में नौकरी के कारण अनुपस्थित रहे, जबकि सदस्य चंदा देवी देर से पहुंचने के चलते मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकीं। चुनाव के दौरान कौशल्या देवी, रोशीला देवी, सुभारती देवी, रघुनाथ प्रजापति, तेज बहादुर सिंह यादव, वीर बहादुर, हरेंद्र पांडेय, गौरी शंकर राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए भांवरकोल पुलिस बल भी तैनात रहा।
लोचाइन पंचायत में सर्वजीत राम बने नए प्रधान, एक वोट से दर्ज की जीत
