सेवराई । विकास खंड भदौरा अंतर्गत एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी केके सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, छात्राएं एवं ब्लॉक कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ केके सिंह ने कहा कि डबल स्टोरी बना यह नवीन पंचायत भवन जिले के मॉडल पंचायत भवन के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में एक ही छत के नीचे पंचायत से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास बेहद सराहनीय है। साथ ही उन्होंने युवा ग्राम प्रधान बलवंत सिंह की विकसित सोच एवं ग्राम विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान बलवंत सिंह ने बताया कि नवीन पंचायत भवन में कुल आठ कमरे, दो विशाल सभागार, दो शौचालय एवं दो स्नानागार बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण से ग्राम सभा के सभी प्रशासनिक एवं विकास संबंधी कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जा सकेंगे तथा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर ग्राम सभा सचिव नवीन कुमार, सचिव नगीना राम, बिमलेश कुमार, एडीओ आईएसबी जगदीश केशरी सहित ब्लॉक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं गांव के सम्मानित नागरिकों में राजदेव सिंह, बाल्मिकी सिंह, विमलेश सिंह, रामबचन राम, कपिलमुनी प्रसाद, मिथिलेश गहमरी, आनन्द गहमरी, अरुण सिंह, प्रेम नारायण सिंह, संत उपाध्याय एवं विपिन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्वागत से हुई। गांव की छात्राओं ने पारंपरिक तरीके से मुख्य अतिथियों का स्वागत किया, जिसकी सभी ने सराहना की। समारोह के अंत में ग्राम प्रधान बलवंत सिंह बाला ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
