व्यापारी पर फायरिंग के एक घंटे बाद पुलिस पर भी चली गोली, बदमाश फरार


बहादुरगंज, गाजीपुर। बहादुरगंज कस्बे में बुधवार की रात हौसला बुलंद बदमाशों ने करीब एक घंटे के अंतराल में दो बार फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पहले बस स्टैंड स्थित बेड-सोफा व्यवसायी के बेटे को निशाना बनाया गया और इसके बाद चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर बदमाश फरार हो गए।

पुलिस पर फायरिंग की घटना ने कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड पर रमेश शर्मा बेड और सोफा बनाने का व्यवसाय करते हैं। बुधवार रात करीब 10:15 बजे उनका छोटा बेटा सुमित शर्मा उर्फ सन्नी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान सात-आठ की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने सन्नी पर गोली चला दी। सन्नी ने किसी तरह भागकर दुकान मालिक के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि बदमाशों ने मकान पर भी ईंट-पत्थर चलाए और फायरिंग की। इसके बाद दुकान में रखे तैयार बेड और सोफे तोड़कर बदमाश मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी पुष्पेश चंद दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस घटना की छानबीन कर ही रही थी कि करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया।बताया गया कि कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि पुलिस बल के साथ पुलिस बूथ के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मां चंडी धाम की ओर से बाइक सवार कुछ युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने कथित रूप से क्षेत्राधिकारी की ओर दो राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी भी सतर्क हो गए और क्षेत्राधिकारी ने पुलिस बूथ के अंदर जाकर अपनी सुरक्षा की।एक ही रात में व्यापारी के बेटे और फिर पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना से पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है। हालांकि देर रात होने के कारण अधिकांश लोगों को घटना की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और कई लोगों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है।पीड़ित सन्नी शर्मा ने पुलिस को बताया कि शिवा यादव पुत्र राजाराम यादव ने उस पर गोली चलाई। सन्नी ने शिवा यादव पर पूर्व में आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप भी लगाया है। पुलिस अब आरोपों की पुष्टि के साथ ही घटना में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लगातार दो फायरिंग की घटनाओं ने बहादुरगंज -कासिमाबाद पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना बड़ा दिलचस्प होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करती है। पुलिस पीड़ित की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर अपनी खोजबीन तेज कर दी है। सी ओ कासिमाबाद ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम करने में मदद की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह के चक्कर में न पड़ें टीमें गठित कर खोज बिन तेज कर दी गई है जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा। वही इस घटना से व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त है लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें