गाज़ीपुर जनपद के बहादुरगंज चौकी परिसर में आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कासिमाबाद लोकेश कुमार ने ने की, जबकि इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में एसडीएम ने प्रशासन की ओर से लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई। वहीं पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षी ने कहा कि बकरीद का पर्व प्रेम, त्याग और सद्भाव का संदेश देता है, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जबकि एस ओ कासिमाबाद राजनरायन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की भी चेतावनी दी गई।
वहीं चौकी प्रभारी बहादुरगंज पुष्पेषचंद दुबे ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्त की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही करें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, जिससे किसी को असुविधा न हो।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। कई लोगों ने बिजली, पानी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पीस कमेटी की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बहादुरगंज क्षेत्र हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का प्रतीक रहा है। यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस बार भी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक के अंत में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी क्षेत्रवासियों को बकरीद पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं तथा शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर मौलवी हफीजुर्रहमान, संतोष जायसवाल, मौलवी महफुजुर्रहमान, लिपिक हरि प्रकाश,मुस्तफा खान, अरविन्द प्रजापति, नौशाद अयान, परवेज उर्फ मोनू, सईदुल हक, आफताब आलम, जफर अकील इत्यादि लोग उपस्थित रहे।
बकरीद पर्व को लेकर बहादुरगंज में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न
