सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा भतीजा की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार भतीजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसके चाचा को भी मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं गांव निवासी 38 वर्षीय मनोज यादव पुत्र सत्यनारायण यादव और उनके भतीजे 23 वर्षीय संदीप यादव पुत्र रामजी यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, मनोज यादव और संदीप यादव गुरुवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर निकले थे। जैसे ही वे सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास पहुंचे, तभी मजुई से बहरियाबाद की तरफ जा रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सड़क किनारे मृत पड़े संदीप यादव के शव को कब्जे में ले लिया और घायल मनोज यादव को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां मनोज को भी मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
मृतक संदीप और मनोज यादव का घर अगल बगल स्थित है, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा लगते थे। दोनों लोगों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही उनके गृह ग्राम सलेमपुर बघाईं पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची संदीप की मां माधुरी देवी, बहन रुचि यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उधर सादात थाने पहुंची मृतक मनोज यादव की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं के रोने बिलखने से माहौल गमगीन रहा।
बहरियाबाद में डंपर छोड़कर फरार हुआ चालक
सादात। घटना के बाद डंपर लेकर भाग रहा चालक डंपर को बहरियाबाद में सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।
सीओ के समझाने पर माने परिजन और ग्रामीण
मृतक मनोज यादव का शव जिला अस्पताल के लिए रेफर किए जाने की बात कहते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। इतना ही नहीं बहरियाबाद में पकड़े गए डंपर और मृतक मनोज के शव को सादात थाने में लाने की जिद करते हुए तहरीर देने से मना कर दिया। थाने पहुंचे सीओ रामकृष्ण तिवारी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद तहरीर लेकर पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
