मुहम्मदाबाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सदर रोड स्थित राम चबूतरा टोला में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 18 वर्षीय स्नातक की छात्रा ने अपने कमरे में पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार संतोष कुमार वर्मा की पुत्री श्रेया उर्फ गुनगुन वर्मा नगर के एक महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गई थी। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर परिजन उसे देखने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलते ही परिजनों के होश उड़ गए। छात्रा का शव रस्सी के सहारे पंखे की कुंडी से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही शाहनिंदा चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
मुहम्मदाबाद में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
