भांवरकोल। भांवरकोल क्षेत्र में सड़क जाम के दौरान कार सवार युवक के साथ मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। बताया गया कि 29 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे दिल्ली निवासी अक्षित जोशी अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर जाम के दौरान एक पिकअप वाहन को ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पिकअप चालक ने अपने साथियों को बुलाकर हैदरिया पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले उनकी कार रोक ली। आरोपियों ने तमंचे के बल पर कार का शीशा तोड़ दिया और अक्षित को बाहर खींचकर मारपीट की। इस दौरान फायरिंग भी की गई और उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई। घटना में उनकी मां और बहन भी घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से पीड़ित की जान बच सकी। पीड़ित की तहरीर पर भांवरकोल थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। भांवरकोल पुलिस ने दबिश देकर कुंडेसर निवासी अजीत गुप्ता, मोहम्मद सलीम उर्फ शाहरुख, आशीष गुप्ता और विरप्पन भारती को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्याम सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाष यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष पांडेय और कांस्टेबल दुर्गेश खरवार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।
भांवरकोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपियों को किया गिरफ्तार कर भेजा जेल
