दिलदारनगर-उसिया रजवाहा में पानी न पहुंचने से हजारों बीघा खेती प्रभावित, एसडीएम ने निरीक्षण कर समाधान का दिया आश्वासन
सेवराई (गाजीपुर)। प्रदेश सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सिंचाई विभाग की लापरवाही से किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल से निकली दिलदारनगर-उसिया रजवाहा में पानी नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने रविवार को सूखी नहर में बैठकर सिंचाई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने नहर में तत्काल पानी छोड़ने, सिल्ट व झाड़ियों की सफाई कराने तथा नियमित रखरखाव की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल से निकली यह रजवाहा करवनिया डेरा होते हुए गोड़सरा गांव तक जाती है। धान की रोपाई के सबसे महत्वपूर्ण समय में नहर में एक बूंद भी पानी नहीं छोड़ा गया है। वर्षों से सिल्ट और झाड़ियों की सफाई न होने के कारण पानी टेल तक नहीं पहुंच पाता, जिससे उसिया, करवनिया और गोड़सरा के सिवान के किसानों की हजारों बीघा कृषि भूमि सिंचाई के अभाव में सूखी पड़ी है।
किसानों ने बताया कि खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से धान की रोपाई का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि जिन खेतों में इस समय पानी भरा होना चाहिए, वहां मोटरसाइकिलें दौड़ रही हैं। किसानों ने निजी संसाधनों से किसी तरह धान की नर्सरी बचाकर रखी है, लेकिन यदि जल्द पानी नहीं मिला तो पूरी फसल बर्बाद होने का खतरा है।
उसिया गांव के किसान सरफुद्दीन खान ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग की उदासीनता का खामियाजा क्षेत्र के सैकड़ों किसान भुगत रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नहर में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और प्रशासन के खिलाफ व्यापक स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उधर, एसडीएम सेवराई गजराज सिंह यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को तलब किया गया है। नहर का निरीक्षण कर सिल्ट व झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी तथा पूरी क्षमता के साथ टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदर्शन में सुहेल खान, सोहेब खान, इमरान खान, कैसर खान, सरफुद्दीन खान, आजाद खान, भोलू खान, सफेआलम खान, मिराज खान, केशव बिंद, कालिका यादव, तेजू यादव, झिल्लू राम सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
