भांवरकोल। बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने कुंडेसर विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उपकेंद्र से जुड़े शेरपुर, कुंडेसर, भांवरकोल और बालापुर फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे करीब 48 गांव अंधेरे में डूब गए।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल गिर गए और तार टूटकर जमीन पर आ गिरे। इससे ग्रामीण इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत विभाग के जेई चंदन सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विभाग की टीमें लगातार क्षतिग्रस्त पोलों को खड़ा करने और तारों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देर शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक देरी हो सकती है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
