भांवरकोल। भांवरकोल पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित वारदात टल गई। परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों को अज्ञात युवकों द्वारा घेरकर धमकी देने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाल लिया। जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के महुवी निवासी अजय मौर्य अपने साथी के साथ चन्द्रिका किसान महाविद्यालय आमघाट, भांवरकोल परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान महाविद्यालय के पास 20-25 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और परीक्षा के बाद लौटने पर मारपीट करने की धमकी दी।घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल किया। सूचना पर भांवरकोल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, पुलिस को देखते ही सभी युवक फरार हो गए। डायल 112 की टीम दोनों छात्रों को सुरक्षित थाने लेकर आई और परिजनों को सौंप दिया।
पीड़ित द्वारा थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अज्ञात युवकों की पहचान में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई से घटना टल गई। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अराजक तत्वों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
