भांवरकोल । क्षेत्र के कनुवान गांव में कस्तूरिया देवी पत्नी स्व० ऋषदेव पासवान के घर में शुक्रवार की देर शाम अज्ञात कारणों आग लग जाने से मिट्टी की दीवार पर डाले गये दो टीनशेड व एक झोपड़ी तथा उनमें रखा चौकी, कपड़ा ,बिस्तर ,अनाज ,साइकिल तथा भूसा सहित अन्य सारा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया । इस अगलगी में दो बकरियां भी गंभीर रूप से झुलस गईं। पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि एक बकरी और कुछ बच्चे अभी लापता हैं जिन्हें जले हुए सामानों के अंदर तथा आसपास खोजने का प्रयास किया जा रहा है । घटना के समय अस्तूरिया देवी बाहर गांव में गई थीं तथा परिवार के अन्य सदस्य भी रिश्तेदारी में गए हुए थे, इसी दौरान आग लग गई। अगलगी की जानकारी होते ही काफी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पाकर पुलिस तो मौके पर पहुंच गई, लेकिन शनिवार को समाचार दिए जाने तक राजस्व विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच सका था।
