धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। थाना कोतवाली नगर पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी निगरानी के जरिए गुम और खोए हुए 17 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 3.40 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस और साइबर टीम के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर गुम मोबाइल फोन की तकनीकी माध्यम से लगातार निगरानी और खोजबीन की। प्रयासों के बाद अलग-अलग स्थानों से कुल 17 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन के संबंध में आवश्यक सत्यापन और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान की। इसके बाद बुधवार को मोबाइल फोन संबंधित मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने कोतवाली नगर पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
मऊ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा साइबर अपराध से संबंधित मामलों में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत मिलने से गुम मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।
