कोर्ट के आदेश के बाद भी परिवार रजिस्टर में सुधार नहीं, छह साल से दफ्तरों की दौड़ लगा रहा पीड़ित


कोर्ट के आदेश के बाद भी परिवार रजिस्टर में सुधार नहीं, छह साल से दफ्तरों की दौड़ लगा रहा पीड़ि

रामकोला ब्लॉक के अधिकारियों पर मिलीभगत, आदेश की अवहेलना और RTI सूचना दबाने का आरोप; डीएम से लेकर राज्यपाल तक लगाई न्याय की गुहार

कुशीनगर। विकासखंड रामकोला के ग्राम बरवा महादेवा निवासी राम प्रताप पुत्र स्व. रमेश वर्ष 2019-20 से परिवार रजिस्टर में कथित फर्जी प्रविष्टि को दुरुस्त कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि सक्षम न्यायालय के आदेश के बावजूद ब्लॉक स्तर के अधिकारी परिवार रजिस्टर में पूर्ण सुधार नहीं कर रहे हैं। इससे उसे वर्षों से न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।
राम प्रताप के अनुसार, अधिकारियों ने पूर्व में स्पष्ट कहा था कि सक्षम न्यायालय का अंतिम आदेश आने तक परिवार रजिस्टर में कोई विधिक संशोधन नहीं किया जाएगा। इसके बाद उपजिलाधिकारी न्यायालय पडरौना ने 10 अक्तूबर 2024 को आदेश पारित करते हुए विपक्षी बच्चन के पिता का नाम मूल रूप से ‘लुट्टी’ बहाल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि न्यायिक आदेश के बावजूद संबंधित अधिकारी मुख्य फर्जी प्रविष्टि को अब तक ठीक नहीं कर सके हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के Writ-C No. 37064/2022 में कुटुम्ब रजिस्टर नियमावली 1970 के तहत सुधार के स्पष्ट निर्देश के बावजूद ब्लॉक स्तर पर केवल डबल नाम हटाकर आधा-अधूरा सुधार किया गया। मुख्य विवादित प्रविष्टि जस की तस बनी हुई है।
मामला यहीं नहीं थमा। राम प्रताप का आरोप है कि विभाग द्वारा पूर्व में तैयार जांच रिपोर्टों की प्रतियां हासिल करने के बाद उन्होंने वर्ष 2024 में आरटीआई के तहत सूचना मांगी, लेकिन आज तक उन्हें सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि सूचना जानबूझकर दबाई जा रही है।
पीड़ित ने पंचायत प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाया है। उनका कहना है कि जहां उन्हें कोर्ट के आदेश के बावजूद नया मुकदमा करने की सलाह दी जा रही है, वहीं इसी ग्राम पंचायत के मकान संख्या 30 में कर्मचारियों ने कथित तौर पर बिना सक्षम आदेश के प्रिंटेड नाम ‘चन्द्रदेव’ काटकर पेन से ‘विशुन’ लिख दिया।
मामले में राम प्रताप ने जिलाधिकारी कुशीनगर, कमिश्नर गोरखपुर, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को स्पीड पोस्ट से शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच, अभिलेखों में नियमानुसार सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें