धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
दोनों पक्षों की मौजूदगी में जमीन की स्थिति देखी, राजस्व टीम को नियमों के तहत कुर्रा फाट तैयार करने के निर्देश
घोसी (मऊ)। तहसील क्षेत्र के हड़हुआ गांव में लंबे समय से लंबित भूमि बंटवारे के मामले के निस्तारण के लिए एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने दोनों पक्षों की मौजूदगी में संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और राजस्व टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम कोर्ट में सुनील कुमार बनाम रामप्यारे आदि का मामला चल रहा है। यह प्रकरण उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 116 के तहत दर्ज है। इसमें खातेदारों के बीच भूमि के बंटवारे और कुर्रा फाट को लेकर विवाद है।
मामले के निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए एसडीएम राजस्व और तहसील टीम के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान संबंधित प्लॉटों, भूमि पर कब्जे की स्थिति, आने-जाने के रास्तों समेत अन्य बिंदुओं का मौके पर निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमानुसार नक्शा और कुर्रा फाट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि बंटवारे में सभी पक्षों के अधिकारों का ध्यान रखा जाए और नियमानुसार उनकी जोत के अनुपात में भूमि का विभाजन सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम के मौके पर पहुंचकर जांच करने से दोनों पक्षों में मामले के जल्द और निष्पक्ष निस्तारण की उम्मीद जगी है। राजस्व टीम को आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
